मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना विकास योजना के तहत लगभग 1.06 करोड़ की लागत से होगा निर्माण

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्री श्री कुशवाह की पहल पर मंजूर की है धनराशि

खास बातें

  • मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्री श्री कुशवाह की पहल पर मंजूर की है धनराशि
  • कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने भी इस सामुदायिक भवन के निर्माण में अपनी निधि से 10 लाख रुपए की धनराशि देने की घोषणा की।
  • कुशवाह समाज में जन्मे महात्मा ज्योतिबा फुले ने वर्ष 1848 में पुणे में बालिकाओं के लिये विद्यालय खोलकर शिक्षा की अलख जगाई थी।

केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि कुशवाह समाज आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित छात्रावास सहित ऐसा सामुदायिक भवन का निर्माण करें, जिसमें रहकर समाज के जरूरतमंद छात्र-छात्रायें स्वस्थ वातावरण में अपनी पढ़ाई कर सकें। साथ ही ग्वालियर का यह परिसर अन्य क्षेत्रों के लिये उदाहरण बने। श्री सिंधिया सोमवार को कुशवाह समाज के छात्रावास सह सामुदायिक भवन के भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह के आग्रह पर इस भवन के निर्माण के लिये मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना विकास योजना के तहत लगभग 1.06 करोड़ रुपए की धनराशि मंजूर की है। कुशवाह समाज के इस छात्रावास सह सामुदायिक भवन का निर्माण बेला की बावड़ी के समीप मुख्य मार्ग पर नीम चंदोहा में होने जा रहा है।

कार्यक्रम में केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने भी इस सामुदायिक भवन के निर्माण में अपनी निधि से 10 लाख रुपए की धनराशि देने की घोषणा की।

इसी तरह विधायक भितरवार श्री मोहन सिंह राठौर द्वारा 5 लाख और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि श्री अनूप कुशवाह द्वारा 01 लाख 51 हजार रुपए सामुदायिक भवन के लिये उपलब्ध कराने की घोषणा की गई। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट और सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह भी मंचासीन थे।

केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि देश के निर्माण में कुशवाह समाज का भी अहम योगदान रहा है। कुशवाह समाज में जन्मे महात्मा ज्योतिबा फुले ने वर्ष 1848 में पुणे में बालिकाओं के लिये विद्यालय खोलकर शिक्षा की अलख जगाई थी। उन्होंने भरोसा जताया कि ग्वालियर में स्थापित होने जा रहा कुशवाह समाज का यह छात्रावास सह सामुदायिक भवन सम्पूर्ण अंचल में शिक्षा का प्रकाश फैलायेगा।

सामाजिक न्याय मंत्री एवं कार्यक्रम संयोजक श्री नारायण सिंह कुशवाह ने सामुदायिक भवन के निर्माण हेतु धनराशि स्वीकृत करने के लिये मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार जताया।

उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर इस सामुदायिक भवन का निर्माण होने जा रहा है उसके लिये जमीन भी पूर्व में प्रदेश सरकार द्वारा ही उपलब्ध कराई गई थी। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. यादव के प्रति धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि कुशवाह समाज लंबे अरसे से इस परिसर के निर्माण की प्रतीक्षा कर रहा था। खुशी की बात है मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समाज की इस मंशा को पूरा करने का काम किया है।

श्री कुशवाह ने कहा कि इस भवन में दूर-दराज के क्षेत्र से आने वाले समाज के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे अच्छे वातावरण में रहकर पढ़ाई कर सकेंगे। साथ ही इस परिसर को विशेष रूप से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के केन्द्र के रूप में विकसित किया जायेगा। यहां पर सिलाई, कढ़ाई, बुनाई सहित अन्य रोजगारपरक विधाओं का प्रशिक्षण दिया जायेगा।

साथ ही किसानों को उन्नत खेती की जानकारी देने के लिये सेमीनार भी यहां आयोजित हो सकेंगे। आरंभ में केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया एवं प्रदेश सरकार के मंत्री द्वय श्री नारायण सिंह कुशवाह व श्री तुलसीराम सिलावट सहित अन्य जनप्रतिनिधिगणों ने वैदिक मंत्राचारों के बीच विधि-विधान से सामुदायिक भवन का भूमिपूजन किया।

कार्यक्रम में विधायक श्री मोहन सिंह राठौर, कुशवाह समाज विवाह समारोह समिति के जिला अध्यक्ष श्री रोशन सिंह कुशवाह एवं साडा अध्यक्ष श्री अशोक शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद थे।