शासकीय आयुर्वेद औषधालय करोहन के द्वारा शासकीय माध्यमिक विद्यालय परिसर ग्राम जमालपुरा में निशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। जिला आयुष अधिकारी डॉ मनीषा पाठक जानकारी दी कि शिविर में 106 रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर नि:शुल्क औषधियों का वितरण किया गया। शिविर में डॉक्टर जितेंद्र जैन आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी करोहन ने ग्राम वासियों को हेमंत ऋतु के प्रारंभ की ऋतु चर्या की जानकारी देते हुए अवगत कराया कि माघ से प्रारंभ करके दो-दो मास को मिलाने पर क्रमशः छह ऋतुएं होती हैं। प्रत्येक ऋतु की अपनी ऋतुचर्या का पालन करने पर शरीर में बल वर्ण की अभिवृद्धि होती है। हेमंत ऋतुविसर्ग काल के अंतर्गत आती है। जिसमें चंद्रमा बलवान होता है और सूर्य का तेज कम होता है स्वास्थ्य की दृष्टि से शीत काल की ऋतुएं मनुष्य के लिए अधिक अच्छी मानी गई है।हेमंत ऋतु में औषधीय भी अधिक गुणवत्ता युक्त होती हैं।दिन छोटे और रातें लंबी होने के कारण शरीर को आराम करने के साथ-साथ भोजन के पाचन के लिए भी अधिक अनुकूलता मिलती है पाचन शक्ति तेज होने से भारी और अधिक मात्रा में लिया गया आहार आसानी से पच जाता है। शरीर में वात दोष का प्रकोप होता है। सामुदायिक आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर इरफान खान ने बताया कि हेमंत ऋतु में मधुर अम्ल तथा लवण रस युक्त भोज्य पदार्थों का सेवन करना चाहिए दूध और दूध से बने हुए दही, मलाई, रबड़ी, छेना आदि, नए चावल, सरसों, तिल, अलसी का तेल, घी, गेहूं,मूंग,मसूर अरहर दाल और उष्ण जल के साथ साथ तिल, मेथी एवं गुड़ के बने लड्डू अधिक लाभदायक होते हैं। शिविर के दौरान योग सत्र का भी संचालन किया गया।इस अवसर पर शिविर में सरपंच श्री जितेंद्र सुराना, सचिव राम प्रसाद राजोरिया, श्रीमती करुणा देशपांडे,श्रीमती संगीता वर्मा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती राजकुमारी आशा कार्यकर्ता प्रमिला सोलंकी आदि ग्राम वासी उपस्थित रहे।