लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह ने आज नेपियर टाउन में आशीष हॉस्पिटल के समीप बियॉन्ड स्टूडियो का उद्घाटन किया। इस अवसर पर महापौर श्री जगत बहादुर सिंह ' अन्नू ' भी उपस्थित थे।
मंत्री श्री सिंह ने कहा कि जबलपुर में पर्यटन और संस्कृति के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि बियॉन्ड स्टूडियो के संचालक और उनकी टीम द्वारा यहां स्टूडियो प्रारंभ करना इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। महाकौशल क्षेत्र में फिल्म सिटी विकसित करने और जबलपुर को उसका मुख्यालय बनाने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि स्टूडियो द्वारा मां नर्मदा पर फिल्म बनाने की योजना है, जिसकी शूटिंग जल्द शुरू करने की तैयारी है। इसके बाद वीरांगना रानी दुर्गावती पर भी फिल्म बनाने की योजना है। मंत्री श्री सिंह ने इस पहल के लिए टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इससे जबलपुर में पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।


