कटनी (06 अक्टूबर) - खरीफ वर्ष 2026 में कोदो-कुटकी के उपार्जन के लिए ई-उपार्जन पोर्टल पर किसान पंजीयन की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई है। किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग ने कोदो-कुटकी की बोनी करने वाले किसानों से अपनी फसल की गिरदावरी समय पर कराने की अपील की है, ताकि वे ई-उपार्जन पोर्टल पर अपनी उपज का पंजीयन करा सकें और उपज का उचित मूल्य प्राप्त कर सकें। उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग ने बताया कि शासन द्वारा खरीफ वर्ष 2026 में ई-उपार्जन पोर्टल पर कोदो एवं कुटकी के उपार्जन के लिए कृषक पंजीयन के निर्देश जारी किए गए हैं। इसके तहत कटनी जिले का चयन कोदो-कुटकी उपार्जन के लिए किया गया है। जिले में विगत वर्षों में भी कोदो-कुटकी का उपार्जन किया जाता रहा है।5 नवंबर तक होगा पंजीयन कोदो-कुटकी उपार्जन के लिए ई-उपार्जन पोर्टल पर कृषकों का पंजीयन 5 नवंबर तक किया जाएगा। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि जिन किसानों ने अपने खेतों में कोदो अथवा कुटकी की बोनी की है, वे संबंधित हल्का पटवारी के माध्यम से अपनी फसल की गिरदावरी अवश्य कराएं। गिरदावरी दर्ज होने के बाद किसान कोदो-कुटकी फसल का पंजीयन कराकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी उपज का उपार्जन करा सकेंगे।