विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, निर्वाचन प्रक्रिया तथा मतदाता जागरूकता के प्रति समझ विकसित करने के उद्देश्य से जिले के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों और महाविद्यालयों में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) के माध्यम से 2 नवम्बर से 20 नवम्बर 2026 तक आयोजित होने वाली इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। प्रतियोगिताओं के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशानुसार जिला स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अश्विनी कुमार रावत ने बताया कि विद्यालय स्तर पर प्रतियोगिताओं के आयोजन, संचालन, समन्वय एवं पर्यवेक्षण के लिए जिला शिक्षा अधिकारी, मुरैना को जिला नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार महाविद्यालय स्तर पर प्रतियोगिताओं के आयोजन की जिम्मेदारी प्राचार्य, शासकीय कन्या अग्रणी महाविद्यालय, मुरैना को सौंपी गई है। नियुक्त नोडल अधिकारियों को जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों तथा महाविद्यालयों में संचालित निर्वाचन साक्षरता क्लब के माध्यम से संस्था स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के साथ ही चयनित विद्यार्थियों की सूची संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को उपलब्ध कराई जाएगी। इसके बाद विधानसभा एवं जिला स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। प्रतियोगिताओं के आयोजन का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा प्रतिभागियों एवं चयनित विद्यार्थियों की जानकारी निर्धारित प्रारूप में संकलित कर जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। सभी संबंधित अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम एवं समय-सीमा का पालन करते हुए प्रतियोगिताओं की गतिविधियां पूरी कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री लोकेश कुमार जांगिड़ ने संबंधित अधिकारियों को प्रतियोगिताओं का प्रभावी एवं समयबद्ध आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन साक्षरता क्लब विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था, मतदान के महत्व एवं निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी देने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में जागरूक मतदाता बनने की समझ विकसित होगी तथा वे अपने परिवार और समाज में भी मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश पहुंचा सकेंगे।


