पन्ना विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने शनिवार को ग्राम विश्रामगंज पहुंचकर रूंज मध्यम सिंचाई परियोजना के विस्थापित परिवारों से भेंट की। इस दौरान पात्र परिवारों को भुगतान की गई अतिरिक्त मुआवजा राशि साढ़े 7 लाख रूपए का प्रमाण पत्र सौंपा तथा शीघ्र ही लगभग सभी 600 परिवारों को पुनर्वास पैकेज की राशि प्राप्त होने के संबंध में आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि सदैव प्रभावित परिवारों के साथ हैं। भविष्य में भी किसी समस्या पर त्वरित निराकरण किया जाएगा। नवीन बसाहट स्थल पर विद्युत पावर स्टेशन एवं धार्मिक स्थल के विकास सहित पेयजल व्यवस्था, स्कूल एवं आंगनबाड़ी केन्द्र तथा अन्य बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि केन-बेतवा लिंक परियोजना की भांति रूंज एवं मझगांय सिंचाई परियोजना के प्रभावितों को शासन स्तर से अतिरिक्त राशि स्वीकृत करवाई गई है। इस सिंचाई परियोजना का कार्य 2018 के पूर्व से संचालित है। पूर्व में प्रभावित परिवारों द्वारा 5 लाख रूपए की सहमति देने के बावजूद जनभावना एवं गरीब परिवारों की पर्याप्त मदद के उद्देश्य से राशि बढ़ाने का प्रस्ताव भेजा गया था। निरंतर सार्थक प्रयास एवं समन्वय के फलस्वरूप बढ़ी हुई राशि मिलना संभव हो सका। इसलिए सभी पात्र परिवार इसका लाभ उठाएं।पन्ना विधायक ने शेष विस्थापित परिवारों से अतिशीघ्र संयुक्त बैंक खाता की जानकारी प्रस्तुत करने की अपील भी की, जिससे समय सीमा में राशि का भुगतान सुनिश्चित हो सके। कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष अजयगढ़ सीता गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि, एसडीएम आलोक मार्को, तहसीलदार सुरेन्द्र अहिरवार, जल संसाधन विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे।