जिले में पांच वर्ष तक के बच्चों को निमोनिया से बचाने तथा नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा सांस अभियान 2026-27, राष्ट्रीय नवजात शिशु सप्ताह एवं समग्र शिशु बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत विशेष गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सांस अभियान 12 नवंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक चलेगा। इसके तहत जिले के 1 लाख 62 हजार 437 बच्चों को अभियान में शामिल किया गया है। आशा एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर बच्चों में खांसी, बुखार एवं सांस लेने में कठिनाई जैसे लक्षणों की पहचान कर समय पर जांच एवं उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है।

राष्ट्रीय नवजात शिशु सप्ताह 15 से 21 नवंबर तक मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य, वजन, स्तनपान, पोषण, टीकाकरण एवं नियमित फॉलोअप पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वहीं समग्र शिशु बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत जन्म से तीन वर्ष तक के बच्चों की घर-घर जाकर स्वास्थ्य निगरानी की जाएगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार डेहरिया ने स्वास्थ्य अमले को अभियान की गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन करने तथा अभिभावकों से बच्चों में बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की अपील की है।