जनसुनवाई के माध्यम से प्राप्त शिकायतों समाधान के क्रम में जिला प्रशासन द्वारा एक और प्रकरण का सफलतापूर्वक निराकरण किया गया है।कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के निर्देश पर जनसुनवाई में पहुंची आवेदिका श्रीमती कुसुम कुमारी की बिजली कनेक्शन की समस्या का समाधान करते हुए हितग्राही को नवीन विद्युत कनेक्शन दिलाने की कार्यवाही की गई है।

लटेरी के वार्ड क्रमांक 05 निवासी श्रीमति कुसुम कुमारी जैन, पत्नी श्री लक्ष्मीचंद जैन द्वारा जनसुनवाई में पहुंचकर नवीन विद्युत कनेक्शन प्रदान किए जाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया गया था। कलेक्टर के निर्देश पर उक्त आवेदन के निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को प्रेषित करते हुए प्रकरण की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए विद्युत वितरण केन्द्र लटेरी को निर्देशित किया गया।

सहायक प्रबंधक, विद्युत वितरण केन्द्र लटेरी द्वारा स्थल निरीक्षण एवं आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरांत शिकायतकर्ता की समस्या का निराकरण कर उन्हें नवीन विद्युत कनेक्शन प्रदान कर दिया गया है। विद्युत विभाग द्वारा प्रदत्त नवीन कनेक्शन का क्रमांक 2420040107 है। शिकायत के निराकरण होने पर हितग्राही द्वारा संतोष व्यक्त किया गया है।