मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल, भोपाल द्वारा सहायक जेल अधीक्षक एवं जेल प्रहरी भर्ती परीक्षा- 2026 के अंतर्गत लिखित परीक्षा का आयोजन 4 जून से 20 जून 2026 तक किया गया था।
लिखित परीक्षा का परिणाम 14 अगस्त 2026 को घोषित किया गया है। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए भर्ती प्रक्रिया के द्वितीय चरण का आयोजन 7 अक्टूबर से 18 अक्टूबर 2026 तक भोपाल में किया जाएगा।
द्वितीय चरण में शारीरिक नापजोख एवं प्रवीणता टेस्ट तथा दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया निर्धारित की गई है। यह परीक्षा अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, मध्यप्रदेश शूटिंग अकादमी के सामने, नाथू बरखेड़ा रोड, नीलबड़, भोपाल में आयोजित होगी।
वेबसाइट पर उपलब्ध है विस्तृत कार्यक्रम
लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थी द्वितीय चरण से संबंधित विस्तृत कार्यक्रम, आवश्यक प्रपत्र एवं अन्य जानकारी मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल की वेबसाइट www.esb.mp.gov.in तथा जेल विभाग की वेबसाइट jail.mp.gov.in पर देख सकते हैं। अभ्यर्थियों को वेबसाइट पर उपलब्ध आवश्यक प्रपत्र डाउनलोड कर निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक दस्तावेजों और जानकारी के साथ उपस्थित होना होगा।
25 सहायक जेल अधीक्षक और 757 जेल प्रहरी पदों के लिए चयन प्रक्रिया
उल्लेखनीय है कि सहायक जेल अधीक्षक के 25 पदों तथा जेल प्रहरी के 757 पदों के लिए मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल द्वारा प्रथम चरण की लिखित परीक्षा में क्रमशः 256 एवं 8,217 अभ्यर्थियों को पात्र पाया गया है। इन सभी सफल अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया के द्वितीय चरण में शारीरिक नापजोख, प्रवीणता टेस्ट एवं दस्तावेज सत्यापन किया जाना है।
अभ्यर्थियों से अपेक्षा की गई है कि वे निर्धारित तिथि पर समय पर उपस्थित होकर द्वितीय चरण की प्रक्रिया में शामिल हों तथा आवश्यक दस्तावेजों एवं प्रपत्रों के संबंध में मंडल एवं जेल विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध निर्देशों का पालन करें।



