आगामी समय में पेयजल की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने जनपद पंचायत बाजना में ग्राम पंचायतवार पेयजल व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों, ग्राम पंचायत सचिवों एवं सरपंचों से चर्चा कर गांवों, मजरों एवं फलियों में पेयजल की संभावित समस्या की जानकारी ली तथा समय रहते आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में जनपद पंचायत बाजना की 65 ग्राम पंचायतों की छह सेक्टर में विभाजित कर समीक्षा की गई।

कलेक्टर श्री कटेसरिया ने कहा कि आने वाले समय में पेयजल की समस्या उत्पन्न होने की आशंका को देखते हुए अभी से सतर्कता और तैयारी आवश्यक है। ग्राम पंचायतों में पेयजल की उपलब्धता, पानी के संभावित स्रोतों तथा जरूरत वाले क्षेत्रों की जानकारी पहले से जुटाई जाए, ताकि आवश्यकता के अनुसार समय रहते व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा सकें। उन्होंने प्रत्येक ग्राम पंचायत सचिव एवं सरपंच से उनके क्षेत्र में पेयजल की स्थिति तथा संभावित कठिनाइयों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

खास बातें

  • कलेक्टर श्री कटेसरिया ने किसानों से आगामी रबी सीजन में पानी की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए कम पानी की आवश्यकता वाली फसलों को प्राथमिकता देने की अपील की।
  • इसलिए किसान अपने क्षेत्र में उपलब्ध जल संसाधनों का आकलन कर फसल चयन करें और ऐसी फसलें लगाएं, जिनमें पानी की कम जरूरत हो।
  • किसान जल संसाधनों की स्थिति को ध्यान में रखकर ही फसल लगाने का निर्णय लें।

पाइपलाइन और पेयजल स्रोतों की व्यवस्था पर जोर

कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था के साथ-साथ पशुओं के लिए भी पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इसके लिए मोटर, पाइपलाइन एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था पर ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराना टैंकर पर निर्भरता की तुलना में बेहतर विकल्प है। जिले में आवश्यकतानुसार तकनीकी स्वीकृति (टीएस) की समग्र व्यवस्था तैयार करने की दिशा में कार्य किया जाएगा, जिससे पेयजल संबंधी कार्यों को सुविधाजनक बनाया जा सके।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि पेयजल परिवहन के लिए टैंकर का संचालन संबंधित एसडीएम की अनुमति के पश्चात ही किया जाएगा। जिन गांवों में टैंकर से पानी पहुंचाने की आवश्यकता पड़ती है, वहां विशेष रूप से ध्यान देकर पेयजल की स्थायी व्यवस्था के विकल्प तलाशे जाएं।

मनरेगा से कुओं की स्वीकृति के लिए कार्यवाही के निर्देश

समीक्षा के दौरान ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों एवं सचिवों ने गांवों में कुएं खोदने और ट्यूबवेल की व्यवस्था करने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि कुछ स्थानों पर तालाबों के किनारे निचले क्षेत्र में कुएं बनाए जाने से पेयजल की उपलब्धता बेहतर हो सकती है।

इस पर कलेक्टर श्री कटेसरिया ने मनरेगा के माध्यम से कुओं की स्वीकृति के संबंध में भोपाल स्तर पर चर्चा की। उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग को निर्देश दिए कि संबंधित ग्राम पंचायतों में पेयजल की आवश्यकता का आकलन किया जाए तथा प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण कर यह देखा जाए कि कुआं कहां बनाया जाना उपयुक्त रहेगा। ग्रामीणों की मांग, स्थानीय परिस्थितियों और पेयजल की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए उचित स्थल का चयन किया जाए।

उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों में पेयजल के स्थायी स्रोत विकसित करने की दिशा में गंभीरता से प्रयास किए जाएं, ताकि ग्रामीणों को आवश्यकता के समय पानी की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।

कम पानी वाली फसलों को प्राथमिकता देने की अपील

कलेक्टर श्री कटेसरिया ने किसानों से आगामी रबी सीजन में पानी की उपलब्धता को ध्यान में रखते हुए कम पानी की आवश्यकता वाली फसलों को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि गेहूं की फसल में अधिक पानी की आवश्यकता होती है। इसलिए किसान अपने क्षेत्र में उपलब्ध जल संसाधनों का आकलन कर फसल चयन करें और ऐसी फसलें लगाएं, जिनमें पानी की कम जरूरत हो।

उन्होंने कहा कि पेयजल की उपलब्धता सर्वोच्च प्राथमिकता है। पानी की कमी को देखते हुए खेती की योजना बनाना आवश्यक है। किसान जल संसाधनों की स्थिति को ध्यान में रखकर ही फसल लगाने का निर्णय लें। बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, सैलाना एसडीएम श्री सुनील जायसवाल, सीईओ जनपद, ग्राम पंचायतों के सचिव एवं सरपंच सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।