राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में 13 से 31 अक्टूबर 2026 तक आयोजित 18 दिवसीय रीजनल सरस मेले में सीधी जिले के हथकरघा उत्पाद अपनी विशेष पहचान बना रहे हैं। मेले में जिले के रामपुर नैकिन विकासखंड के ग्राम भरतपुर में संचालित हथकरघा एवं दस्तकारी सहकारी समिति मर्यादित भरतपुर द्वारा निर्मित विभिन्न उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया जा रहा है।
मेले में सीधी जिले का प्रतिनिधित्व ग्राम खरहना निवासी श्रीमती मुन्नीबाई प्रजापति कर रही हैं। वे रामपुर नैकिन विकासखंड के संतोषी स्व सहायता समूह से जुड़ी हैं। उनके माध्यम से समिति द्वारा तैयार किए गए कुर्ता, पजामा, टावेल, शर्ट, कुर्ती सहित विभिन्न प्रकार के हथकरघा वस्त्रों को स्टॉल के माध्यम से ग्राहकों के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है।
खास बातें
- मेले में सीधी जिले का प्रतिनिधित्व ग्राम खरहना निवासी श्रीमती मुन्नीबाई प्रजापति कर रही हैं।
- भरतपुर के हथकरघा उत्पादों की राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में सहभागिता से क्षेत्र की पारंपरिक बुनाई कला को व्यापक पहचान दिलाने की संभावनाएं मजबूत हो रही हैं।
- वहीं स्व सहायता समूहों से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं के कौशल, उत्पादों के विपणन और आर्थिक सशक्तीकरण को बढ़ावा देने की दिशा में भी यह पहल महत्वपूर्ण साबित हो रही है।
रीजनल सरस मेला ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत स्व सहायता समूहों एवं स्थानीय उत्पादकों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार और विपणन के साथ व्यापक बाजार तक पहुंच बनाने का अवसर प्रदान करता है। इस आयोजन में सीधी जिले के हथकरघा उत्पादों की सहभागिता से स्थानीय बुनाई कला और पारंपरिक वस्त्र निर्माण को प्रोत्साहन मिल रहा है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्र में उत्पादित वस्त्रों को दूसरे राज्यों के बाजारों तक पहुंचाने का अवसर भी मिल रहा है।
भरतपुर के हथकरघा उत्पादों की राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में सहभागिता से क्षेत्र की पारंपरिक बुनाई कला को व्यापक पहचान दिलाने की संभावनाएं मजबूत हो रही हैं। वहीं स्व सहायता समूहों से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं के कौशल, उत्पादों के विपणन और आर्थिक सशक्तीकरण को बढ़ावा देने की दिशा में भी यह पहल महत्वपूर्ण साबित हो रही है।
